Sunday mail लंदन डायरी : शिखा वार्ष्णेय ( ब्रिटेन की यायावर पत्रकार/लेखिका )

आइये ले चलते हैं आपको ब्रिटेन और बेल्जियम की गलियों में.
ब्रिटेन के यूरोपियन यूनियन से निकलने के बाद उसका हेड ऑफिस/पार्लियामेंट जाना अजीब सी भावना से भर देता है। जैसे छोड़े हुए घर को फिर से देखने आए हों। इसका अहसास ब्रिटेन वासियों को हो या न हो पर बाकियों को तो होता है।
पार्लियामेंट के रिसेप्शन पर बैठे महोदय ने मुझे देखकर हिन्दी में “नमस्ते” कहा फिर मेरा परिचय पत्र देखकर पूछा – आप ब्रिटिश नागरिक हो? मेरे हाँ कहने पर उसने मजाकिया ताना मारा – so you are not obliged

भव्य है यह लोकतंत्र का संसद। इमारत के बीच में एक लोहे का बड़ा सा स्ट्रक्चर बना है जो प्रतीक है इयू के सभी सदस्यों के आपस में एकजुट होने का। इसमें से एक भी शाखा निकाली तो पूरा स्ट्रक्चर ढह जाएगा।

बीयर के सौ से ज्यादा स्वाद…

यह ब्रसल्स है। बेल्जियम की राजधानी।
फ्रेंच फ्राइज़ की मातृ भूमि और बियर की पितृ भूमि। लंबे कटे, तले हुए आलू के चिप्स जिन्हें दुनिया फ्रेंच फ्राइज़ के नाम से जानती है, इनका अविष्कार ब्रसल्स में ही हुआ था और इन्हें यहाँ टमाटो कैचप नहीं, बल्कि विभिन्न स्वाद वाले मेयोनेज़ के साथ खाया जाता है।
यह शहर 120 प्रकार की और 580 ब्राण्ड की बीयर बनाता है। यहाँ एक ‘द बीयर वर्ल्ड’ नाम का म्यूजियम भी है जहाँ ब्रसल्स में बियर का सारा इतिहास, भूगोल और विधियाँ बताई गईं हैं। यहाँ एक गतिविधि के दौरान मैंने भी एक बीयर बनाई, जिसमें मैंने धनिया के बीज डाल दिये। रिजल्ट आया – yummy. यानी मैंने बढ़िया बियर बनाई थी।
बाद में पता चला ऐसी धनिया बीज के फ्लेवर वाली बियर वहाँ बनती और मिलती भी है.जिसे हमने उनके रूफ टॉप बार में चखा भी।
कहने का तात्पर्य यह कि – बेल्जियम में फ्रेंच फ्राइज़, चॉकलेट, बफल और बीयर सबसे ज्यादा प्रसिद्ध है। यानी खाओ पीओ ऐश करो।
हाँ! यहाँ एक चीज और प्रसिद्ध है – सुसू करते हुए एक छोटे बच्चे का पुतला।

देखिये इस बच्चे को, सू सू करता बच्चा

तस्वीर में जो बच्चा दिख रहा है आपको,
इसका निक नाम है – लिटिल जूलियन।
हालांकि यह अब नकली पुतला है यहाँ। असली पुतला चोरों के डर से ब्रसल्स के राष्ट्रीय संग्रहालय में रखा हुआ है।
असल में यह पुतला ब्रसल्स वासियों के लिए पीने के पानी की उपलब्धता का द्योतक था. कालांतर में इसके पीछे कई किवदंतियाँ और कहानियाँ भी गढ़ दी गईं। सबसे लोकप्रिय यह था कि कैसे एक छोटे लड़के ने शहर को बचाया।

कहानी कुछ ऐसी है…

शहर दुश्मनों से घिरा हुआ था, उन्होंने शहर के नीचे टनों बारूद डाल दिया था।
इस लड़के ने जलता हुआ फ्यूज देखा और उस पर पेशाब कर दिया.
जो भी हो, यह पुतला बेल्ब्रजियम का राष्ट्रीय प्रतीक है एवं ब्रसल्स के मुख्य आकर्षणों में से एक है और हर तरह की चीज इस पुतले के सुविनियर के रूप में शहर, देश, दुनिया भर में बनाई और बेची जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *