राजा भैया और पत्नी भानवी सिंह के बीच तलाक का मामला

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के चर्चित नेता एवं प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच अगर तलाक हो जाता है तो सबसे बड़ा सवाल ये है कि उनके बच्चों का क्या भविष्य होगा ? राजा के राजकुमार किसके साथ रहेंगे ? हालांकि तलाक का मामला अभी दिल्ली की कोर्ट में चल रहा है और उनकी पत्नी ने फिलहाल तलाक देने से इनकार कर दिया है। आगे क्या होगा, किसी को पता नहीं। मगर ये सवाल हर किसी की जुबान पर है।

राजनीति में सक्रिय दिखते हैं दोनों बच्चे
रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के दोनों नाबालिग बेटे राजनीति में सक्रिय रहते हैं। पिछली ग्राम पंचायत के साथ विधानसभा के चुनाव में दोनों बच्चों को जनता के बीच पार्टी और पिता के समर्थन में वोट मांगते हुए देखा गया था। ऐसे में दंपति विवाद के बाद ये सवाल लाजमी हो गया है।

25 की उम्र में राजा भैया ने किया था विवाह
राजा भैया और भानवी की शादी 17 फरवरी 1995 में हुई थी। उस समय राजा भैया की उम्र 25 साल थी, भानवी 20 साल की थीं। अब दोनों की शादी को 28 साल हो चुके हैं। राजा भैया और भानवी सिंह के दो बेटी और दो बेटे हैं। शादी के बाद 1996 में भानवी ने बेटी को जन्म दिया था, 1997 में दूसरी बेटी का जन्म हुआ हुआ था। भानवी ने 2003 में दो जुड़वां पुत्रों को जन्म दिया। 
बताया जाता है की शादी के कुछ वर्षों बाद दोनों के रिश्तों में खटास आना शुरू हो गई थी। इस बीच भानवी सिंह राजा भैया से अलग होकर अपने दिल्ली स्थित आवास पर रहने लगी हैं।
 

बस्ती राजघराने से ताल्लुक रखती हैं भानवी
भानवी का जन्म 10 जुलाई 1974 में बस्ती राजघराने में हुआ था। उनके पिता बस्ती राजा के छोटे बेटे कुंवर रवि प्रताप सिंह हैं। रवि प्रताप सिंह की चार बेटियां हैं। इनमें भानवी तीसरे नंबर की बेटी हैं। भानवी की शुरुआती पढ़ाई बस्ती से हुई। बाद में लखनऊ में शिक्षा हासिल की थीं।

भानवी सिंह नहीं चाहती तलाक
राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह तलाक नहीं देना चाहती हैं। बीते दिनों कोर्ट के समक्ष भानवी ने अपना जवाब दाखिल करते हुए कहा कि वह राजा भैया की प्रताड़ना के चलते ही उनसे अलग रह रही हैं। लेकिन वह उन्हें तलाक नहीं देगी। राजा भैया ने पत्नी भानवी सिंह से तलाक लेने के लिए दिल्ली के साकेत कोर्ट में अर्जी दाखिल की हुई है। इस पर सुनवाई भी चल रही है। साकेत अदालत स्थित पारिवारिक न्यायालय की न्यायाधीश शुनाली गुप्ता की कोर्ट के समक्ष भानवी ने अपना जवाब दाखिल करते हुए कहा कि वह राजा भैया की प्रताड़ना के चलते ही उनसे अलग रह रही हैं। 

पत्नी ने लगाया है मारपीट का आरोप
राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने अपने जवाब में राजा भैया पर मारपीट और प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। राजा भैया द्वारा लगाए गए आरोपों को नकार दिया है। भानवी सिंह ने दावा किया था कि राजा भैया ने उनके साथ मारपीट की और धमकाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सितंबर 2020 से ही राजा भैया ने उन्हें घर में आने से मना कर रखा है। भानवी ने अपने जवाब में कहा कि केवल तलाक लेने के लिए उनपर झूठे आरोप लगाए गए हैं। वह तलाक का विरोध कर रही हैं। अदालत ने उन्हें अपना पक्ष रखने का निर्देश देते हुए सुनवाई 17 अक्तूबर तय कर रखी है।

राजा भैया ने बीते साल दी थी तलाक की अर्जी
राजा भैया ने अपनी पत्नी भानवी सिंह से तलाक के लिए 2022 में याचिका दायर की थी। उन्होंने क्रूरता और परित्याग के आधार पर तलाक मांगा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ने ससुराल का घर छोड़ दिया है और वापस आने से इन्कार कर रही हैं।

अक्षय प्रताप पर मुकदमे के बाद सामने आया कलह
राजाभैया और उनकी पत्नी के बीच कलह की बात कई वर्षों से चल रही थी लेकिन यह मामला सार्वजनिक तब हो गया जब भानवी सिंह ने राजा भैया के बेहद करीबी और मुँह बोले भाई एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपाल जी पर धोखाधड़ी और जालसाजी सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *