– नामांकन में दिए गए हलफनामे से भाजपा प्रत्याशी अजय मिश्र टेनी की चल और अचल संपत्ति का हुआ खुलासा

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी सीट से दो बार के भाजपा सांसद अजय मिश्र टेनी ने अपना पर्चा दाखिल कर दिया है। वर्ष 2014 से वह लगातार दो बार सांसद रहे और इस बार हैट्रिक लगाने की तैयारी में हैं। अपने कार्यकाल के दौरान वह काफी विवादों में रहे। या यूं कहें कि विवादों से उनका गहरा नाता है तो शायद गलत नहीं होगा। अब नामांकन करने के बाद एक बार फिर वह चर्चा में आ गए हैं। इस बार खीरी के लोगों में उनकी अकूत कमाई की चर्चा है। पर्चा दाखिले के वक्त उनकी ओर से दिए गए हलफनामे में करोड़ों की चल, अचल संपत्ति का जिक्र किया गया है। हालांकि राजनीतिक पंडित उनके इस हलफनामे की सच्चाई को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। अब इसमें कितनी सच्चाई है ये तो मंत्री ही बता सकते हैं, लेकिन
आइये हम आपको एक एक कर मंत्री और उनकी धर्म पत्नी की दौलत से रूबरू कराते हैं।

लाखों से करोड़ों तक का किया सफर, बैंक बैलेंस भी बढ़ाया
फिलहाल शपथ पत्र पर गौर करें तो इस वक्त मंत्री के पास चल संपत्ति यानी नकदी, बैंक बैलेंस और बीमा राशि कुल एक करोड़ 87 लाख रुपए की है। वहीं, वर्ष 2014 से पहले अजय मिश्र टेनी के पास चल संपत्ति सिर्फ 81 लाख रुपए थी। यानी मंत्री जी ने पिछले दस वर्षों में इसे दोगुना से भी ज्यादा बढ़ा ली।
वहीं, अचल संपत्ति की बात करें तो इस वक्त उनके नाम दो करोड़ 73 लाख की कीमत की भूमि, मकान और फ्लैट हैं। जबकि 2014 से पहले इनके पास सिर्फ 95 लाख की कीमत की अचल संपत्ति थी।

करोड़ों की मालकिन हैं मंत्री की पत्नी
अब आइए जानते हैं मंत्री की धर्म पत्नी के पास क्या है। हलफनामे पर यकीन करें तो मंत्री की पत्नी के पास वर्ष 2014 से पहले चल संपत्ति के नाम पर सिर्फ 18 लाख रुपए ही थे, जबकि इस वक्त उनके पास यह रकम दोगुनी हो गई है।
वहीं, अचल संपत्ति पर नजर डालें तो अजय मिश्र टेनी की पत्नी इस वक्त करीब सवा करोड़ की अचल संपत्ति की मालकिन हैं, जबकि 2014 से पहले यह सिर्फ 70 लाख थी।

सोने के जेवर का भी मंत्री को शौक
दिलचस्प यह है की मंत्री अजय मिश्र टेनी जेवरों के भी शौकीन हैं। इस वक्त उनके पास तकरीबन आधा किलो (400 ग्राम) सोने के जेवर हैं। वहीं, 2014 से पहले उनके पास सिर्फ 70 ग्राम ही सोना था।

हलफनामे की सच्चाई पर सवाल
आपको ये भी बता दें कि ये सब दौलत गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के वेतन से अलहदा है। वह इसमें शामिल नहीं है। अब जब से मंत्री का ये हलफनामा सार्वजनिक हुआ है, लोगों में उनकी इस दौलत की काफी चर्चा है। वहीं, दूसरी तरफ राजनीतिक दुरंधर इसकी सच्चाई पर भी सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है की इसमें कई जानकारियां छिपाई गई हैं। अब सच्चाई क्या है ये तो मंत्री ही जाने पर हलफनामे की चर्चा हर किसी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *